• fulldetail

आज से लागू होगी रसोई गैस सिलेंडर की नई कीमत, जानिए दाम?

1 July 2019 | 11.35 AM

नई दिल्ली: घरेलू तेल कंपनियों ने आम आदमी को बड़ी राहत दी है। तेल कंपनियों ने बिना सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 100.50 रुपए प्रति सिलेंडर की कमी की है। एक जुलाई से दिल्ली में घरेलू इस्तेमाल का सिलेंडर 637 रुपए में उपलब्ध होगा। तेल कंपनियों ने यह जानकारी दी है।

अब करना होगा 637 रुपए का भुगतान

बिना सब्सिडी वाले घरेलू सिलेंडर के बाजार मूल्य में कमी आने के साथ ही सब्सिडीयुक्त घरेलू सिलेंडर के लिए भी रिफिल लेते समय 100.50 रुपए कम देने होंगे। सब्सिडीयुक्त सिलेंडर के घरेलू उपभोक्ताओं को एक जुलाई से रिफिल प्राप्त होने पर 737.50 रुपए के बजाय 637 रुपए का भुगतान करना होगा। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की रविवार को जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है। इसमें कहा गया है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में दाम घटने और डॉलर-रुपया विनिमय दर में आये बदलाव के प्रभाव स्वरूप एलपीजी सिलेंडर (14.2 किलो) के दाम में कमी आई है। नई दर एक जुलाई से प्रभावी होगी।

एक सिलेंडर पर मिलेगी 142.65 रुपए की सब्सिडी

सब्सिडीयुक्त रसोई गैस सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं को रिफिल लेते समय बाजार मूल्य पर भुगतान करना होता है। उसके बाद सब्सिडी राशि उपभोक्ता के बैंक खाते में डाल दी जाती है। उपभोक्ताओं को एक साल में 12 सिलेंडर सब्सिडी पर मिलते हैं। एलपीजी सिलेंडर के मूल्य में आई ताजा गिरावट के बाद उपभोक्ता को 142.65 रुपए प्रति सिलेंडर की सब्सिडी राशि मिलने पर जुलाई 2019 में सिलेंडर की प्रभावी दर 494.35 रुपए बैठेगी।

Comment Here